हरियावां। हरदोई-पिहानी मार्ग पर रविवार सुबह सवारियां लेकर जा रही निजी बस को साइड से टक्कर मारते हुए निकली पिकअप ने आगे जाकर एक बाइक सवार को भी टक्कर मार दी। घटना में बस में चालक की सीट के पीछे बैठी महिला की मौत हो गई, जबकि एक मासूम समेत तीन लोग घायल हो गए। पिकअप की टक्कर से बाइक सवार भी घायल हुआ है।
हरियावां थाना क्षेत्र के झबरियापुरवा निवासी रामगुनी (55) गांव की ही रामदेवी (45) के साथ एक सत्संग में शामिल होने बस से रविवार को हरदाेई जा रही थीं। जतुली पुलिया के पास हरदोई की तरफ से आई भैंस लदी पिकअप बस से रगड़ती हुई चली गई। इसके कारण रामगुनी के सिर और माथे में चोट आ गई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई साथ बैठी रामदेवी के अलावा आजाद नगर निवासी विधी शुक्ला (11) और लखीमपुर के खुर्रमनगर निवासी आदेश (25) भी घायल हो गए।
घायलों को सीएचसी ले जाया गया। यहां से विधी को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इसी पिकअप ने हरियावां चीनी मिल के पास बाइक सवार लखीमपुर निवासी आशीष को भी टक्कर मार दी। यहां बाइक पिकअप में फंस गई। इस कारण मौके पर मौजूद लोगों ने पिकअप चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। थानाध्यक्ष प्रीतेश चौहान ने बताया कि पिकअप पुलिस के कब्जे में है। चालक भी पुलिस के पास है। परिजनों से शिकायत लेकर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।