सांडी। नवविवाहिता को विदा कराने ससुराल जा रहे बाइक सवार पति को जरौली नेवादा चौधरियापुर मार्ग पर पिकअप ने टक्कर मार दी। शुक्रवार शाम हुई घटना में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना का पता चलते ही परिजन और ससुरालीजन बदहवास हो गए।
हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के बेहटा रमपुरा निवासी सोनू (26) की शादी बीते छह मई को सांडी थाना क्षेत्र के समजलपुर निवासी रुचि से हुई थी। इन दिनों रुचि अपने मायके में है। रुचि के पिता राम खिलावन ने बताया कि शुक्रवार शाम सोनू विदा कराने के लिए ससुराल जा रहा था। चौधरियापुर जरौली नेवादा मार्ग पर भाऊपुरवा के सामने पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। मौके पर ही सोनू की मौत हो गई। घटना का पता चलते ही ससुरालीजन मौके पर पहुंच गए। सूचना सोनू के परिजनों को दी तो वह लोग भी मौके पर आ गए। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। प्रभारी निरीक्षक बसंत राम ने बताया कि बाइक में टक्कर मारने वाली पिकअप सांडी तिराहे के पास से कब्जे में ले ली गई है। परिजन से शिकायत लेकर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
सड़क पर बिखर गया मिठाई का डिब्बा, सूनी हो गई मांग
पत्नी को विदा कराने जा रहे सोनू ने रास्ते में सांडी के पास मिठाई खरीदी थी। परिजन के मुताबिक उसे रात में रुककर सुबह पत्नी के साथ वापस गांव आना था। हादसे के बाद मिठाई का डिब्बा सड़क पर बिखर गया। पति के आने का इंतजार कर रही रुचि को पहले तो हादसे में घायल होने की जानकारी परिजन ने दी लेकिन कुछ ही देर में हर कोई उससे लिपटकर बिलखने लगा तो वह भी बदहवास हो गई।
फोटो-24-सोनू। फाइल फोटो