हरदोई। सांडी थाने की पुलिस टीम ने टप्पेबाज को बृहस्पतिवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। दाएं पैर में पुलिस की गोली लगने से टप्पेबाज घायल हो गया। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। टप्पेबाज के पास से 10 हजार 900 रुपये, घटना में इस्तेमाल बाइक, तमंचा और एक आधार कार्ड बरामद हुआ है। टप्पेवाज ने एक युवक की जेब से रुपये और आधार कार्ड पार कर दिया था। मुठभेड़ के दौरान सांडी थाने में तैनात दीवान विजय प्रताप सिंह भी मामूली रूप से चोटिल हो गए।
सांडी थाना क्षेत्र के कुवरियापुर निवासी श्रवण कुमार की बहू का उपचार मायरा हॉस्पिटल में चल रहा था। सीओ बिलग्राम रविप्रकाश सिंह ने बताया कि श्रवण बीती 18 दिसंबर को मायरा अस्पताल के बाहर चाय लेने के लिए खड़े थे। इसी बीच बाइक सवार दो युवकों ने उनसे सांडी जाने के लिए रास्ता पूछा। युवकों ने श्रवण को सांडी तिराहा पर छोड़ देने की बात कही। श्रवण बाइक पर सवार हो गया और सांडी तिराहा पर उतर गया। जेब देखने पर बीस हजार रुपये और आधार कार्ड गायब था। पहले तो उसने खुद ही युवकों की तलाश की। इसके बाद बृहस्पतिवार को पुलिस से शिकायत की। सीओ का दावा है कि घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस टीम लगी थी। मुखबिर से मिली जानकारी पर अंटवा के पास गंगा एक्सप्रेस-वे के अंडरपास के निकट वाहनों की जांच शुरू की गया। इसी दौरान बाइक से एक युवक आता नजर आया। रुकने का इशारा करने पर उसने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। जवाबी फायरिंग में दाएं पैर में गोली लगने से युवक घायल हो गया। युवक की पहचान कन्नौज जनपद के तेरवा निवासी प्रदीप उर्फ दीपू के रूप में हुई। प्रदीप को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। सीओ ने बताया कि प्रदीप के खिलाफ कन्नौज जनपद के ठठिया थाने में तीन मामले दर्ज हैं।