फोटो-5-पत्रकारों से वार्ता करते प्रदेश अध्यक्ष सुशील कुमार पांडेय व अन्य शिक्षक नेता। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुशील कुमार पांडेय ने कहा है कि संघ पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल कराने के लिए अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के साथ मिलकर पूरे देश में लड़ाई लड़ेगा। उन्होंने कहा कि जब तक पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल नहीं हो जाती, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
शनिवार को शहर के एक होटल में पत्रकारों से वार्ता के दौरान सुशील पांडेय ने कहा कि परिषदीय शिक्षकों और कर्मचारियों को चिकित्सा सुविधा भी दिलवाए जाने के लिए प्रयास किया जा रहा है। मृतक आश्रितों को लिपिक पद पर नियुक्त किए जाने को लेकर शासन स्तर पर बातचीत होने और जल्द ही सकारात्मक परिणाम सामने आने का दावा उन्होंने किया। संगठन को लेकर चल रहे विवादों पर कहा कि संगठन का पंजीकरण संस्था के हित में होता है, व्यक्ति के हित में नहीं। उन्होंने कहा कि संगठन का मामला उच्च न्यायालय में विचाराधीन है। संघ के हरदोई जिलाध्यक्ष आलोक मिश्रा को उन्होंने अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ से संबद्ध उत्तर प्रदेश प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ का अध्यक्ष बताया। इस मौके पर पूूर्व जिलाध्यक्ष श्रीकांत पांडेय को सम्मानित भी किया गया। यहां गिरीश दीक्षित, महेंद्र प्रताप सिंह, प्रभा शंकर, मुन्नू सिंह, डॉ. संदीप वर्मा, अनुराग पांडेय आदि मौजूद रहे।