हरदोई। मेडिकल कॉलेज में अब नर्सिंग की भी पढ़ाई होगी। यहां पर स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में नर्सिंग कॉलेज की स्थापना का रास्ता साफ हो गया है। शासन ने 10 करोड़ की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) पर कॉलेज की स्थापना के लिए 9.61 करोड़ की स्वीकृति दे दी है।
स्वीकृति के साथ ही दो करोड़ जारी भी कर दिए हैं। स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में हरदोई ने तेजी से कदम बढ़ाए हैं। मेडिकल कॉलेज की स्थापना के साथ ही अब यहां पर नर्सिंग की पढ़ाई भी होगी।
राजकीय स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में स्वास्थ्य सेवाओं के साथ चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में काम हो रहा है। यहां पर नर्सिंग कॉलेज की स्थापना के लिए मेडिकल कॉलेज प्रधानाचार्य और कार्यदायी संस्था की ओर से 10 करोड़ का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। शासन ने इस पर 9.61 करोड़ की स्वीकृति दे दी है।
शासन ने इसी के साथ काम कराए जाने के लिए चालू वित्तीय वर्ष में दो करोड़ रुपये भारत सरकार की ओर से जारी कर दिए हैं। शासन ने नर्सिंग कॉलेज के निर्माण में बजट में 60 प्रतिशत केंद्रांश और 40 प्रतिशत राज्यांश मद से राशि दी जाएगी।
बिजली कनेक्शन के लिए भी राशि सुरक्षित
शासन की ओर से उपसचिव एसपी सिंह ने जारी आदेश में कहा है कि नर्सिंग कॉलेज में विद्युत कनेक्शन के लिए चार लाख रुपये सुरक्षित रहेंगे। वहीं कॉलेज की जमीन पर मिट्टी भराई के लिए पांच लाख रुपये की राशि अनुमन्य की गई है।
30.70 लाख के मिट्टी भरान के प्रस्ताव पर नहीं मिली थी संस्तुति
बताया कि गया कि मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य और कार्यदायी संस्था की ओर से नर्सिंग कॉलेज की स्थापना में 5,963.17 घनमीटर मिट्टी भराई के लिए 30.70 लाख का प्रस्ताव दिया गया था। प्रस्ताव पर डीएम की ओर से गठित तकनीकी समिति ने मिट्टी भरान के लिए संस्तुति नहीं दी थी। इससे इस मद में शासन ने एकमुश्त पांच लाख रुपये अनुमन्य किए हैं।
नर्सिंग कॉलेज की स्थापना का रास्ता साफ हो गया है। बजट स्वीकृति और आवंटन का शासनादेश भी जारी हो गया है। शासन के उप सचिव एसपी सिंह की ओर से जारी पत्र प्राप्त हो गया है। चालू वित्तीय वर्ष में दो करोड़ मिले हैं। जल्द ही कार्यदायी संस्था के माध्यम से अन्य औपचारिकता पूरी कराते हुए काम समय से शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं।
मंगला प्रसाद सिंह, जिलाधिकारी