फोटो-22- हरपालपुर सीएचसी में जांच करते लैब टेक्नीशियन नीतीश कुमार। संवाद
हरपालपुर। आयुष्मान डिजिटल मिशन के तहत अब अस्पतालों में हॉस्पिटल मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम (एचएमआईएस) को लागू कर दिया गया है।
इसे लैब इंफॉर्मेशन सिस्टम (एलआईएस) से कनेक्ट किया गया है। इससे अब पैथोलाॅजी में कराए गए रक्त नमूनों की जांच रिपोर्ट सीधे मरीज के मोबाइल पर आ जाएगी। हरपालपुर में यह सुविधा शुरू हो गई है। इससे मरीजों को काफी राहत मिलेगी।
सरकारी अस्पतालों में अब मरीजों को प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट सीधे मोबाइल पर एसएमएस या व्हाट्सएप लिंक के जरिये भेजी जा रही है। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत शुरू की गई इस सुविधा से मरीजों को जांच रिपोर्ट लेने के लिए बार-बार चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे, बल्कि वह घर बैठे ही अपनी रिपोर्ट डाउनलोड कर सकते हैं। जिले में भी यह व्यवस्था शुरू हो गई है और अब सीएचसी पर विस्तार किया जा रहा है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर में रोजाना एक सैकड़ा के करीब मरीजों की मलेरिया, डेंगू, टाइफाइड बुखार के अलावा लिवर, किडनी, पीलिया, हेपेटाइटिस, एचआईवी, सिफलिस व पेशाब की जांच की जाती है। लैब टेक्नीशियन सूरज कुमार ने बताया कि सीएचसी में इस सुविधा से लोगों को उनके मोबाइल पर रिपोर्ट भेज दी जाती है।
ब्लड स्टोरेज लैब टेक्नीशियन नीतीश कुमार ने बताया कि रक्त नमूना लेकर उसी दिन दोपहर दो बजे तक जांच कर रिपोर्ट भेजी जाती है। अधीक्षक डॉ. आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि रिपोर्ट मरीज के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजी दी जाती है।