हरदोई। पंचायती राज विभाग चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी (सफाईकर्मी) संघ की बैठक बुधवार को जिला अस्पताल परिसर स्थित संघ के कार्यालय पर हुई। सफाई कर्मियों ने पंचायत राज सेवा परिषद के 17 जून को होने वाले धरने में शामिल न होने की बात कही। एडीओ पंचायत पर सफाई कर्मियों का उत्पीड़न करने का भी आरोप लगाया। सफाई कर्मियों ने एडीओ पंचायतों की जांच कराने और कार्रवाई की मांग की।
संघ के संरक्षक राजकुमार कपिल ने कहा कि जिन एडीओ पंचायत ने सफाई कर्मियों को अपमानित किया है उनकी निंदा की जाती है। उनके विरुद्ध कार्रर्वाई के लिए शासन स्तर तक बात पहुंचाई जाएगी। संघ अध्यक्ष अमित कुमार ने कहा कि पंचायत राज सेवा परिषद का 10 जून को धरना प्रदर्शन हुआ। जिसमें तमाम सफाई कर्मी शामिल हुए लेकिन सफाई कर्मियों की एक भी मांग नहीं रखी गई। कहा कि सफाई कर्मियों का अब पंचायती राज सेवा परिषद से कोई सरोकार नहीं है।
सफाई कर्मियों ने उत्पीड़न करने वाले एडीओ पंचायत पर जांच करवाकर कार्रवाई करने, 17 को लखनऊ में होने वाले धरने में जाने के लिए बाध्य न करने सहित अन्य मांगों के निस्तारण की मांग की। बैठक में सर्वेश कुमार, उमेश कुमार वर्मा, राजीव यादव, अशोक, अवनीश कुशवाहा, अनीश अहमद, विमलेश कुमार, संजय चेतरात, पुनीत व किशन कुमार आदि मौजूद रहे।