सांडी। थाना क्षेत्र के आदमपुर गांव में सोमवार देर शाम 11 केवी एलटी लाइन में स्पार्किंग के बाद तेज धमाके के साथ ट्रांसफार्मर में आग लग गई। गांव में रखे 250 केवी के ट्रांसफार्मर से तेज लपटे उठती देख स्थानीय लाेगों में अफरा तफरी मच गई। ग्रामीणों की सूचना पर विद्युत आपूर्ति बंद की गई और फायर बिग्रेड को सूचित किया गया। दमकल ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
सांडी के गांव आदमपुर में पूर्व बीडीसी रामावतार कुशवाहा के मकान के पास 250 केवी का ट्रांसफार्मर रखा हुआ है। इससे गांव के करीब पांच सौ उपभोक्ताओं के घरों में आपूर्ति दी जाती है। सोमवार देर शाम अचानक तेज धमाका हुआ और 11 केवी की एलटी लाइन में आग लग गई। तारों में आग लगने के बाद अचानक ट्रांसफार्मर ने भी आग पकड़ ली और देखते ही देखते ट्रांसफार्मर धूं धूंकर जलने लगा। ट्रांसफार्मर से तेज लपटों को उठता देख गांव वालों में अफरा तफरी मच गई। लोगों ने आनन फानन विद्युत कर्मियों को फोन कर बिजली कटवाई।
बिजली जाने के बाद भी आग बंद नहीं हुई। तार और ट्रांसफार्मर जलते रहे, इस पर फायर बिग्रेड को फोन किया गया। कुछ ही देर में अग्निशमन दल पहुंचा और आग बुझाई। इस घटना में करीब दो घंटे तक लोगों में दहशत बनी रही। वहीं, आधे गांव की बिजली ठप रही। अवर अभियंता मुकेश गुप्ता ने बताया कि ट्रांसफार्मर बदला गया है मंगलवार शाम तक आपूर्ति बहाल कर दी गई।
आबादी से ट्रांसफार्मर दूर करने की मांग
गांव में ट्रांसफार्मर आबादी के बीच रखा है। सोमवार की घटना के बाद लोगों में दहशत है। क्योंकि आग से नीम का पेड़ तक झुलस गया। ऐसे में गांव निवासी वलीराम कुशवाहा, रामौतार कुशवाहा, श्रीराम कुशवाहा, भानू शर्मा ने ट्रांसफार्मर को आबादी से हटाकर दूर रखने की मांग की।