हरदोई। गांवों के खातों में पंचायतीराज विभाग के रुपये डंप हैं और पंचायत सहायक को दो साल से मानदेय नहीं मिला। विकास खंड टोडरपुर की ग्राम पंचायत करावां की पंचायत सहायक ने मानदेय न दिए जाने के साथ ही प्रधान के पति पर धमकाने का आरोप लगाया है।
करावां की पंचायत सहायक शालिनी सिंह ने डीपीआरओ समेत अफसरों को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उन्हें जुलाई माह 2023 से मानदेय का भुगतान नहीं मिला है। ग्राम पंचायत सचिवालय में वह नियमित हाजिरी देकर ग्रामीणों के काम भी कर रही हैं। ऑनलाइन उपस्थिति के बाद भी प्रधान के पति धमकी देते हैं। पंचायत सचिवालय पर न तो गेटवे के माध्यम से भुगतान किया जाता है और न ही अभिलेखों को रखवाया गया है।
डीपीआरओ विनय कुमार सिंह ने बताया कि प्रधान और पंचायत सचिव मानदेय न दिए जाने के लिए दोषी हैं। ऑनलाइन हाजिरी की जांच कराई जा रही है। उसी के बाद जवाबदेही तय की जाएगी। (संवाद)