हरदोई। एनएच-731 लखनऊ मार्ग पर शहर से निकलते ही बड़े-बड़े गड्ढाें को जिम्मेदार फर्म ने भरवा दिया है। गड्ढों के भर जाने से आवागमन में लोगों को सुविधा और सहूलियत मिली है।
लखनऊ रोड पर शहर से निकलते ही लखनऊ चुंगी से नानकगंज झाला तक मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया था। मन्नापुरवा गांव के पास तो पूरी की पूरी रोड ही गड्ढे में बदल गई थी। इससे बारिश के होने वाले जलभराव के कारण राहगीरों को गड्ढों की गहराई का पता नहीं चल पाता था। इससे दो पहिया और चार पहिया वाहनों के हादसों की भी आशंका रहती थी। लखनऊ रोड पर आवागमन में राहगीरों को होने वाली परेशानी को अमर उजाला ने 31 जुलाई के अंक में ‘लखनऊ रोड के गड्ढे राहगीरों को दे रहे दर्द’ शीर्षक से खबर को प्रमुखता में प्रकाशित किया।
खबर का जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने संज्ञान लिया। डीएम ने एनएच-731 का काम करा रही फर्म के जिम्मेदारों को इन गड्ढों की भी मरम्मत के आदेश दिए। इस पर फर्म के जिम्मेदारों ने गड्ढों को डस्ट आदि से भरवा दिया है। गड्ढा भरवा दिए जाने से स्कूली बच्चों, गांवों से शहर आने-जाने और लखनऊ व हरदोई से जाने व आने वाले लोगों को सफर में राहत मिली है।