मल्लावां। कांवड़ यात्रा में शामिल युवक ट्रैक्टर की ट्राली पर बंधे डीजे साउंड के ऊपर से सड़क पर गिर गया। इससे उसकी मौत हो गई।
कोतवाली क्षेत्र के गांव नयागांव से श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली पर डीजे बांधकर मेहंदीघाट कांवड़ भरने जा रहे थे, जिसमें नया गांव निवासी सुमित यादव (19 ) पुत्र रमेश यादव भी शामिल था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुमित ट्रॉली में बंधे डीजे साउंड के ऊपर बैठा था। शाम करीब 4:30 बजे मल्लावां-संडीला रोड पर बरुआबाग के पास अचानक साउंड के ऊपर से सुमित सड़क पर गिर गया।
इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। इससे अन्य श्रद्धालुओं मे हड़कंप मच गया। लोगों ने घटना की सूचना परिजनों को दी। परिजनों में कोहराम मच गया। कोतवाल अनिल सैनी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। युवक तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। वह सुभाष चंद्र बोस महाविद्यालय में बीएससी प्रथम वर्ष का छात्र था।