फोटो-17- रोडवेज बस स्टेशन के बाहर सड़क पर यात्रियों को उतारता चालक। संवाद
हरदोई। रोडवेज बस चालक बस स्टेशन के बजाए बाहर फुटपाथ पर ही सवारियां उतार और बिठा रहे हैं। इतना ही नहीं कई बसें बस स्टेशन के बाहर फुटपाथ पर ही खड़ी रहती हैं। इससे सड़क पर भी अराजकता उत्पन्न हो रही है। सड़क पर जाम लगने के साथ ही सवारियों के साथ भी हादसे का डर बना रहता है। इसके बावजूद नियमों को दरकिनार कर रोडवेज चालक व परिचालक मनमानी कर रहे हैं।
रोडवेज बस स्टेशन के बाहर सड़क पर लगने वाले जाम से निजात और सवारियों की सुरक्षा के लिए प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बीते 21 मई को बसों को स्टेशन के बाहर खड़े होने पर रोकने के निर्देश दिए थे। उनके निर्देश पर निगम के प्रबंध निदेशक प्रभु एन ने सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों को आदेश जारी कर सख्ती से पालन करने के लिए कहा।
इसके बावजूद स्थानीय स्तर पर जिम्मेदार अधिकारियों की सुस्ती के चलते यह आदेश केवल फाइलों में सिमट कर रह गया है। रोडवेज बस स्टेशन के बाहर सड़क और फुटपाथ को रोडवेज बसों ने अपना स्टैंड बना लिया है। कई बसें घंटों बाहर ही खड़ी रहती हैं। इससे सड़क पर कई बार जाम की स्थिति पैदा हो रही है। इसमें एंबुलेंस जैसी आपातकालीन गाड़ियां भी अव्यवस्था के कारण आए दिन जाम में फंसी नजर आती हैं। चालक व परिचालकों की मनमानी पर लगाम बिल्कुल भी नहीं लग रही है।
सवारियां भी उतारते व बिठाते हैं
निर्देशों में स्पष्ट है कि सवारियों को बस स्टेशन के अंदर ही उतारा और बिठाया जाएगा। इसके बाद भी बस स्टेशन के बाहर ही सवारियों को उतारा और बिठाया जा रहा है। इससे हादसों का डर बना रहता है। वहीं, जाम की स्थिति से तो लोगों को दो-चार होना पड़ रहा है। परिवहन मंत्री के सीधे आदेश के बाद भी जमीनी स्तर पर कोई बदलाव नहीं दिख रहा, स्थानीय अधिकारी भी किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं।
रोडवेज बस चालकों को बताया जा चुका है कि वह लोग सवारियां बस स्टेशन पर बने निश्चित स्थान पर ही उतारें और वहीं से बिठाएं। व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है अगर कोई चालक-परिचालक इसका उल्लंघन करेगा तो कार्रवाई की जाएगी। -रमेश कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक
फोटो-17- रोडवेज बस स्टेशन के बाहर सड़क पर यात्रियों को उतारता चालक। संवाद