फोटो-30- सवायजपुर तहसील में शिकायती पत्र के साथ मौजूद लोग। संवाद
- पंतवारी देवी मंदिर की दूरी मात्र 200 मीटर
संवाद न्यूज एजेंसी
पाली। बाजार से शराब का ठेका स्थानांतरित कर पशु चिकित्सालय के पास खोलने का मोहल्ले वालों ने विरोध जताया है। इन लोगों ने सवायजपुर तहसील पहुंचकर एसडीएम को पत्र देकर ठेका स्थानांतरण पर रोक लगाने की मांग की है।
मोहल्ला निवासी माधुरी, पूनम, लक्ष्मी, देवी उर्फ बउआ, उर्मिला, श्रीसिंह, गोपाल, अनुज और अनंगपाल आदि ने शनिवार को सवायजपुर तहसील में उपजिलाधिकारी को ज्ञापन दिया। कहा कि पाली बाजार में पोस्ट ऑफिस के पास देशी शराब का ठेका चल रहा था। उसे स्थानांतरित कर पशु चिकित्सालय के निकट खोला जा रहा है। वहीं इन लोगों के आवास भी हैं।
इन लोगों ने बताया जबकि पशु चिकित्सालय से पंतवारी देवी मंदिर की दूरी करीब 200 मीटर है। स्कूल के बच्चे भी इसी रास्ते से निकलते हैं। यहां पर ठेका खुलने से शराबी एकत्र होंगे। जिससे आवागमन में परेशानी होगी। इन लोगों ने एसडीएम से मांग की कि ठेका अन्य किसी स्थान पर खोलने का आदेश दें। सवायजपुर एडसीएम संजय अग्रहरि ने बताया कि आबकारी इंस्पेक्टर से वार्ता कर पशु चिकित्सालय के निकट ठेका खोलने पर रोक लगा दी गई है। कानूनगो से मौका मुआयना कर रिपोर्ट देने को कहा गया है।