पकड़े गए आरोपी और बरामद गांजे के बारे में जानकारी देते सीओ एसआर कुशवाहा। संवाद
- फोटो : HARDOI
बिलग्राम (हरदोई)। कोतवाली पुलिस ने स्वाट टीम की मदद से 15 किलो गांजा समेत एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये है। आरोपी लॉकडाउन के दौरान नोएडा से गांव आया था और नशे का कारोबार शुरू कर दिया। उसने बिहार से गांजा लाकर बिलग्राम, माधौगंज और सांडी थाना क्षेत्र के साथ ही कन्नौज में बेचने की बात स्वीकार की है।
सीओ बिलग्राम एसआर कुशवाहा ने बताया कि कोतवाली में तैनात एसआई संजय सिंह और स्वाट टीम के प्रभारी बृज किशोर सिंह को शनिवार शाम सूचना मिली कि कुछ लोग गांजा लेकर सदरपुर और बिरौरी के पास जा रहे हैं। पुलिस टीम ने बिरौरी मोड़ पर शक होने पर दो बाइक सवार तीन युवकों को रोका तो वह भागने लगे। इस पर पुलिस ने एक युवक को पकड़ लिया।
उसके पास से एक बोरी में साढ़े पंद्रह किलो गांजा बरामद हुआ। कोतवाली में पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम श्रीनारायण मिश्रा उर्फ शिवम बताया। पुलिस ने बताया कि शिवम के दो साथी फरार हो गए। दो बाइकें पुलिस ने बरामद की हैं। एसआई संजय सिंह ने बताया कि 2019 में नोएडा में फेज-3 कोतवाली में शिवम के विरुद्ध मुकदमा दर्ज हुआ था। लगभग तीन माह पहले वह जमानत पर छूटा था।