पिता की डांट से क्षुब्ध भरिगवां गांव की छात्रा ने बुधवार रात फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पिता की सूचना पर पुलिस ने गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराया है। देहात कोतवाली क्षेत्र के भरिगवां गांव निवासी सुरेश पाल के एक पुत्र और तीन पुत्रियां थीं। दूसरे नंबर की बेटी रीता देवी (15) लिलवल गांव स्थित शिशु मंदिर स्कूल में कक्षा नौ में पढ़ती थी।
बुधवार को किसी बात पर सुरेश पाल ने बेटी को डांट दिया था। रात में सुरेश पाल के घर के बाहर फाग हुआ था। इसके बाद सुरेश, उसकी पत्नी धनदेवी और बच्चे सोने चले गए। रात करीब एक बजे बूंदाबांदी होने पर सुरेश और उसकी पत्नी छत से कंडे लाकर कमरे में रखने गए। कमरे में रीता का शव दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका मिला।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर शव उतरवाया। गुरुवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। कोतवाल हीरालाल चौरसिया का कहना है कि छात्रा की खुदकुशी के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। परिजन और ग्रामीण कुछ नहीं बोल रहे हैं। मामले की जांच करवाई जा रही है। तहरीर और जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।