हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र के भुलभुलिया गांव में रविवार को तीन दिन से लापता वृद्धा का शव खेत में पड़ा मिला। बेटे ने जमीन विवाद में हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराया। मौत का कारण स्पष्ट न होने पर बिसरा सुरक्षित कर लिया गया है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के भुलभुलिया गांव में सदाप्यारी (65) पत्नी स्व.रामदास गांव के बाहर झोपड़ी डालकर रहती थी। उसके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा संजय चंडीगढ़ में मजदूरी करता और छोटा मनोज हरदोई में रिक्शा चलाता है।
बुधवार की शाम करीब चार बजे सदाप्यारी घर से लापता हो गई थी। शनिवार देर शाम झोपड़ी के करीब गेहूं के एक खेत में उसका शव पड़ा मिला। पड़ोस के गांव लालापुरवा का कमल किशोर खेत में चारा लेने गया था।
शव देखकर उसने ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन कर मृतका के बेटों को फ ोन पर जानकारी दी। कुछ समय बाद छोटे बेटा मनोज गांव पहुंच गया। उसने मां की हत्या की आशंका जताई।
उसने बताया कि झोपड़ी की जमीन को लेकर गांव के एक व्यक्ति से मां का विवाद चल रहा था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। सूत्रों के अनुसार मौत का कारण स्पष्ट न होने पर बिसरा सुरक्षित कर लिया गया है।
कोतवाल हीरालाल चौरसिया ने बताया परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।