बघौली। ग्राम सभा गोंडाराव के मजरा मोती पुरवा मेें बुधवार की रात आंधी व बारिश के दौरान बरगद का पेड़ झोपड़ी पर गिर गया। झोपड़ी में सो रही वृद्धा की पेड़ के नीचे दबकर मौत हो गई।
बघौली थाना क्षेत्र के ग्राम गोंडाराव के मजरा मोती पुरवा में बुधवार की रात रामबेटी उर्फ छोटक्का (70) अपनी झोपड़ी में सो रही थी। तभी आंधी व बारिश के दौरान बरगद का पुराना पेड़ झोपड़ी पर गिर गया।
रामबेटी पेड़ के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एसआई ब्रजेश कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी राजस्व विभाग को दे दी गई है।