हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र में शाहजहांपुर मार्ग पर रविवार शाम राशन लेकर घर जा रही वृद्धा को सड़क पार करते समय कार ने रौंद दिया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के रद्धेपुरवा निवासी बसंती (62) रविवार शाम पौत्र आकाश (12) के साथ अब्दुलपुरवा कोटे से राशन लेने गईं थीं। वहां से लौटते समय देहात कोतवाली क्षेत्र में पिहानी चुंगी के निकट हरदोई-शाहजहांपुर मार्ग पार कर आकाश आगे निकल गया। पीछे बसंती सड़क पार कर रहीं थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उन्हें रौंद दिया।
घटना के बाद चालक भाग गया। आकाश ने घटना की सूचना परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजन उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाए। यहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका के दो बेटे हैं। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। अस्पताल प्रशासन ने शव को मोर्चरी में रखवाकर सूचना शहर कोतवाली भेज दी। देहात कोतवाली निरीक्षक गंगेश शुक्ला ने बताया कि हादसा संज्ञान में है। परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।