हरदोई। दवा लेने गई वृद्धा का क्षतविक्षत शव बेहटागोकुल स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला।
बेहटागोकुल थाना क्षेत्र के ग्राम जसरा निवासी प्यारी (75) पत्नी स्व. रामलाल 15 दिन से बुखार व दस्त से ग्रसित थी। खिरिया में एक चिकित्सक के यहां उसका उपचार चल रहा था। परिजनों के मुताबिक शनिवार दोपहर प्यारी दवा लेने गई थी। रास्ते में लखनऊ-दिल्ली रेलवे मार्ग पर बेहटागोकुल स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।
देर शाम उधर से गुजरे लोगों ने रेलवे ट्रैक पर उसका क्षत-विक्षत शव देखा। जानकारी होने पर मृतका का पुत्र मुकेश परिजनों के साथ मौके पर पहुंचा। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर शव का पोस्टमार्टम कराया। एसओ राकेश आनंद ने बताया कि रेलवे ट्रैक पार करते समय वृद्धा हादसे का शिकार हुई है। परिजनों ने आरोप से इंकार किया है।