हरदोई सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों का विरोध जताया। नगर पालिका परिसर स्थित सपा कार्यालय के बाहर शुक्रवार को दो घंटे का मौन रखा। साथ ही महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धांजलि भी दी।
सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को सभी जनपदों में सपा कार्यकर्ताओं के दो घंटे का मौन रहने की घोषणा की थी। मौन समाप्त होने पर सपा जिलाध्यक्ष जीतेंद्र वर्मा जीतू ने कहा कि हाथरस कांड में प्रशासन की लापरवाही और मनमानी उजागर हुई है। इस सरकार में किसानों का भी उत्पीड़न हो रहा है। बेरोजगारी भी बढ़ रही है।
इस दौरान पूर्व सांसद ऊषा वर्मा, पूर्व विधायक राजेश्वरी, पूर्व एमएलसी अवध कुमार सिंह बागी, जिला महासचिव वीरेंद्र सिंह यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष पदमराग सिंह यादव, मुकुल आशा, संजय कश्यप, सूर्य प्रकाश त्रिवेदी आदि मौजूद रहे।