हरदोई। जिले में डेंगू के मरीजों में बढ़ोतरी हो रही है। विभागीय अधिकारियों की लापरवाही के चलते मामलों में पूरी तरह से रोकथाम नहीं लग रही है। प्रतिदिन कराई जा रही जांचों में भी संक्रमित केस आ रहे हैं। मेडिकल कॉलेज के जिला अस्पताल में भी बनाए गए डेंगू वार्ड में आए दिन नए मरीज भर्ती हो रहे हैं। इनमें अब शहर के भी मामले सामने आ रहे हैं।
डेंगू के बढ़ते मामले विभाग की पोल खोलते नजर आ रहे हैं। जिले में डेंगू के मामलों में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है। जिले में भले ही डेंगू की रफ्तार अधिक नहीं है, लेकिन एक या दो मरीज प्रतिदिन मिल ही रहे हैं। इससे विभाग के माथे पर सिकन बनी हुई है। मेडिकल कॉलेज की पैथाेलॉजी में वैसे तो प्रतिदिन डेंगू की जांच की जा रही है, लेकिन हर रोज संक्रमित मरीजों के मिलने का सिलसिला बदस्तूर जारी है।
मेडिकल कॉलेज की पैथोलाॅजी में भी प्रतिदिन 100 से 150 जांचें हो रही हैं। हालांकि, अभी त्योहार के चलते जांचें कम हो रही हैं, फिर भी शनिवार को डेंगू की नौ जांचें की गईं। शुक्रवार तक के आंकड़ों के अनुसार जिले में अभी तक 89 डेंगू संक्रमित मरीज मिल चुके हैं। चिकित्सकों का कहना है कि डेंगू अधिक तो नहीं है, लेकिन सावधानी बरती जाना आवश्यक है।
डेंगू वार्ड में तीन नए मरीज हुए भर्ती
हरदोई। मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल में बनाए गए डेंगू वार्ड में तीन नए मरीज भर्ती किए गए हैं। वार्ड में हरपालपुर निवासी अशोक कुमार तो बीते पांच दिन से भर्ती हैं। वहीं, शनिवार को सर्रा के गोहराना निवासी शिखा देवी को शुक्रवार की सुबह भर्ती किया गया। हरपालपुर निवासी रानी को भी शुक्रवार की शाम को और शहर के बावन चुंगी निवासी प्रियम गुप्ता को शनिवार की सुबह डेंगू से संक्रमित मिलने पर भर्ती कराया गया।
डेंगू पर काफी हद तक कंट्रोल किया गया है। प्रतिदिन जांचें की जा रही हैं और यदि कोई संक्रमित आता है तो उसे तत्काल बेहतर उपचार के लिए वार्ड में भर्ती करा दिया जाता है। -डाॅ. जेके वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक