हरदोई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेक इन इंडिया को बीएसएनएल ने साकार रूप देना शुरू कर दिया है। मेक इन इंडिया का पहला टॉवर लखनऊ रोड पर आवास विकास कालोनी में ट्रायल के बाद सोमवार से शुरू करा दिया गया है। इससे बीएसएनएल उपभोक्ताओं को अब इंटरनेट की हाईस्पीड सेवा मिल सकेगी।
बीएसएनएल ने ग्रामीण क्षेत्रों के साथ ही शहरी क्षेत्र में अपने उपभोक्ताओं की संख्या के दृष्टिगत चीन के नोड के स्थान पर मेक इन इंडिया के 4जी नोड लगाने के निर्णय को साकार रूप दिया है। बीएसएनएल के उप महाप्रबंधक ऑपरेशन आलोक द्विवेदी और एसडीओ अनूप अग्निहोत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री के मेक इन इंडिया को बीएसएनएल ने बढ़ावा दिया है।
आवास विकास कालोनी में पहला 4जी नोड परीक्षण के बाद शुरू करा दिया गया है। अब उपभोक्ताओं को हाईस्पीड इंटरनेट की सुविधा मिल सकेगी। बातचीत के दौरान आने वाली समस्या भी नहीं आएगी।
बताया कि विभाग ने 25 जगह (साइट्स) पर काम शुरू करा दिया गया है। मेक इन इंडिया के नोड के लगाने की जिम्मेदारी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेस को सौंपी गई है। वहीं, परीक्षण में 4जी नोड का दायरा, स्पीड और बातचीत की स्थिति को जांचा जा रहा है। शहर में 15 टॉवरों को चिह्नित किया गया है।