डायट में प्रशिक्षण के दौरान मौजूद बाल विकास परियोजना अधिकारी। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। जिला समन्वयक प्रशिक्षण राकेश कुमार शुक्ल ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों को शिक्षा विभाग के सहयोग से प्री नर्सरी के रूप में तैयार किया जाएगा। शिक्षा विभाग के शिक्षामित्र और आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ता बच्चों को शैक्षिक माहौल के लिए तैयार करेंगे। उन्होंने ये बातें जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में परियोजना अधिकारियों के चार दिवसीय प्रशिक्षण के पहले दिन कही।
पूर्व प्राथमिक शिक्षा के तात्पर्य एवं उसके आयामों पर चर्चा करते हुए कहा कि सबसे पहले केंद्रों पर आने वाले बच्चों की काउंसलिंग करने का प्रयास किया जाए। बच्चों की शिक्षा को प्रभावित करने वाले कई कारक हो सकते हैं। इनमें पारिवारिक माहौल, उनका खराब स्वास्थ्य भी वजह हो सकती है।
इसकी काउंसलिंग करनी है और बच्चों की यह कमियां किसी तरह से दूर करके उनको प्रथम कक्षा के लिए तैयार करना है। स्टेट रिसोर्स ग्रुप सदस्य आशीष मिश्रा ने कहा कि प्रशिक्षण में आंगनबाड़ी केंद्रों में गुणवत्ता पूर्ण पूर्व प्राथमिक शिक्षा एवं देखभाल के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को ब्लाक स्तर पर प्रशिक्षण देने के लिए मास्टर ट्रेनर्स को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
उनके साथ डायट प्रवक्ता अनीता कुमारी सहित विभिन्न ब्लाकों की चयनित सीडीपीओ भी प्रशिक्षण दे रहीं हैं। पहले दिन बालक के स्तर के अनुरूप उसके शारीरिक और मानसिक विकास के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। इस मौके पर प्रभारी डीपीओ पंकज कुमार, प्रशिक्षुओं में विभिन्न ब्लाकों के सीडीपीओ, मुख्य सेविकाएं व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहीं।