हरदोई। निर्धारित अवधि में सोशल ऑडिट की रिपोर्ट उपलब्ध न कराने के मामले में तीन ब्लॉकों के कोऑर्डिनेटर और पांच ब्लॉक रिसोर्स पर्सन (बीआरपी) को नोटिस जारी किया गया है। डीडीओ अजय प्रताप सिंह ने सभी को नोटिस जारी कर रिपोर्ट उपलब्ध न कराने का कारण पूछा है। दो दिन ऑडिट करने के बाद तीसरे दिन बैठक में रिपोर्ट उपलब्ध कराई जानी थी।
डीडीओ ने बताया कि बेंहदर के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर सुभाष चंद्र गौतम, कोथावां के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर कमलेश कुमार और भरखनी ब्लॉक के कोऑर्डिनेटर विवेक मिश्रा को नोटिस देकर जवाब तलब किया गया है।
उनके अलावा ब्लॉक रिसोर्स पर्सन गोपाल द्विवेदी, संजय श्रीवास्तव, प्रमोद वर्मा, अरुण दीक्षित और रेखा देवी को भी नोटिस जारी किया गया है। जवाब संतोषजनक न मिलने की स्थिति में संबंधित के विरुद्घ कठोर कार्रवाई की जाएगी।