हरदोई। साल 2017-18 में गांवों में किए गए भुगतान में गड़बड़ी पर ऑडिट आपत्तियों का परिपालन न देने और बैठक से गैरहाजिरी पर डीपीआरओ विनय कुमार सिंह ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने 11 पंचायत सचिवों को नोटिस दिया है। कहा कि ऑडिट आपत्ति का परिपालन न किए जाने के कारण दुरुपयोग किए गए रुपये की वसूली की जाएगी।
डीपीआरओ ने बृहस्पतिवार को आडिट आपत्तियों के निस्तारण के संबंध में साल 2017-18 में उन ग्राम पंचायतों में तैनात रहे और वर्तमान पंचायत सचिवों की बैठकी बुलाई थी। बताया कि 11 पंचायत सचिवों ने न तो ऑडिट परिपालन दिया न ही बैठक में आए। गैरहाजिर और रिपोर्ट न देने पर पंचायत सचिव जितेंद्र कुमार, राजीव वर्मा, लाल बहादुर, अमित कुमार अवस्थी, गौरव जगदीश मिश्रा, संजय प्रताप सिंह, विवेक कुमार, राकेश पाल, शूलपाणि मिश्रा, धीरेंद्र प्रताप सिंह और सुशील सोमवंशी को संबंधित ब्लॉक के एडीओ के माध्यम से नोटिस दिया गया है।
बताया कि ऑडिट आपत्तियों के परिपालन की रिपोर्ट जिला लेखा परीक्षा अधिकारी को उपलब्ध कराने के लिए कई बार चेतावनी और वर्चुअल संवाद से भी निर्देशित किया गया। बताया कि पंचायतीराज समिति की तरफ से लंबित ऑडिट परिपालन पर नाराजगी भी जाहिर की गई है जबकि पंचायत सचिव निराकरण के लिए ध्यान नहीं दे रहे हैं।