कलक्ट्रेट में प्रदर्शन करते कांग्रेस कार्यकर्ता।
- फोटो : amarujala
हरदोई। जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को नोटबंदी के फैसले का विरोध करते हुए कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट मृत्युंजयराम को दिया।
कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह लोध ने कहा कि मोदी सरकार ने बिना तैयारी किए नोटबंदी का फैसला लिया है। इससे देश में आर्थिक आपातकाल के हालात पैदा हो गए हैं।
आम जनमानस अपने पैसों को निकालने के लिए लाठी-डंडे खा रहा है। सैकड़ों की मौत हो गई है और भाजपा के नेता करोड़ों रुपये का प्रयोग करके जमीन, गाड़ियां और प्रचार-प्रसार के वाहन खरीद रहे हैं।
शहर अध्यक्ष शशि भूषण शुक्ला शोले ने कहा कि मोदी सरकार ने नोटबंदी कर देश को कई वर्ष पीछे कर दिया है। इससे आर्थिक विकास थम गया है। प्रदेश सचिव विक्रम पांडेय ने कहा कि अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए नोटबंदी की गई है।
इससे उद्योग धंधे चौपट हो गए हैं। इस मौके पर अजीत सिंह चंदेल, गुलाब सिंह गांधी, रामगोपाल दीक्षित, विनोद मिश्रा, प्रेम प्रकाश वर्मा आदि मौजूद रहे।