हरदोई। शहर की मुख्य सड़कों की बदहाली दिखाई देती है साथ ही मोहल्लों को जोड़ने वाले रास्तों की हालत भी खस्ता है। बारिश और अन्य कारणों से शहर के कई मोहल्लों की सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाता है और आवागमन में परेशानी होती है।
शहर के मुख्य मार्गों से जोड़ने वाली सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे हैं। बारिश में हालात और खराब हो जाती है। दोपहिया वाहन चालक गड्ढों और जलभराव के बीच रास्ता तलाशते हुए निकलते हैं। कई स्थानों पर लोगों को सड़क के किनारे से होकर गुजरना पड़ता है। बच्चों, बुजुर्गों और पैदल राहगीरों को सबसे अधिक परेशानी होती है। गड्ढों में पानी भरने से गहराई का पता नहीं होता, कई बार दो पहिया वाहन चालक हादसे की शिकार हो जाते हैं।
दिन में लोग किसी तरह निकल जाते हैं लेकिन रात में परेशानी बढ़ जाती है। अचानक गड्ढे में पहिया जाने से दोपहिया वाहन अनियंत्रित हो जाता है जिससे हादसा हो जाता है। शहर में धर्मशाला रोड, रेलवेगंज में आवेरब्रिज के नीचे, पुलिस लाइन के सामने जेल रोड से पुलिस कार्यालय रोड को जोड़ने वाली सड़क आदि क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं।
नगरीय निकाय के अधीन हैं मार्ग
मोहल्लों को जोड़ने वाले ये मार्ग नगरीय निकाय के अधीन आते हैं। लोगों को उम्मीद है कि बरसात का दौर खत्म होने के बाद इन सड़कों के दुरुस्तीकरण का काम कराया जाएगा। फिलहाल बारिश के कारण सड़कों की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।
गड्ढों की वजह से वाहनों की रफ्तार कम हो गई है। छोटे रास्तों पर भी सफर में अपेक्षा से अधिक समय लग रहा है। बारिश का पानी निकलने के बाद सड़कों के और उखड़ने की आशंका रहती है। शहर के मार्गों के क्षतिग्रस्त होने से करीब सवा लाख से अधिक आबादी प्रभावित हो रही है।
-
बरसात और अन्य कारणों से शहर के मार्ग क्षतिग्रस्त हुए हैं। क्षतिग्रस्त मार्गों का सर्वे कराया जा रहा है ताकि बरसात के बाद मार्गों को दुरुस्त कराया जा सके। मार्गों के चिह्नित होने के बाद ही लंबाई आदि स्पष्ट हो सकेगी। -रामेंद्र सिंह, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका