हरदोई। नगर पालिका का वार्ड नंबर आठ, मोहल्ला लक्ष्मीपुरवा पालिका प्रशासन की अनदेखी का शिकार है। कई सभासद बदले लेकिन वार्ड की सूरत न बदली। जर्जर सड़कें और टूटी नालियां और जलभराव यहां की पहचान बन गए हैं।
लक्ष्मीपुरवा में प्लाटों में जलभराव की समस्या इस कदर बढ़ चुकी है कि नींव दरकने का डर है। लोगों का कहना है कि जिम्मेदार पानी की निकासी का इंतजाम नहीं करा रहे हैं और न ही नालियों का निर्माण करा रहे हैं। यह गंदा पानी कई सालों से भरा है। जरा सी बारिश होते ही गंदा पानी सड़कों पर बहने लगता है। राहगीरों को भी काफी परेशानी होती है। मोहल्ला वासी मनोज कुमार का कहना है कि उन्होंने पिछले माह डीएम से भी जलभराव समस्या की शिकायत की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
पूरे वार्ड में एक भी कूड़ेदान नहीं है। ऐसे में लोगों को या तो प्लाटों में कचरा फेंकना पड़ रहा है या फिर सड़कों के किनारे खाली जगह पर। स्थिति यह है कि गंदगी के ढेर लगे हैं। समय से सफाईकर्मियों द्वारा कूड़ा न उठाने और जलभराव के कारण बीमारियां फैल रहीं हैं। आएदिन बच्चे बीमार होते हैं।
सरिता सिंह ने कहा कि मुहल्ले में वर्षों से गंदा पानी भरा है। जिसमें मच्छर पनप रहे हैं। दिन ढलते ही मच्छरों का हमला शुरू हो जाता है। अगर जलनिकासी हो जाए और दवा छिड़काव कराई जाए तो राहत मिल सकती है।
राकेश गुप्ता ने कहा कि पूरे वार्ड में एक भी कूड़ेदान नहीं है। सफाई कर्मचारी समय पर आते नहीं हैं। अब ऐसे में मुहल्लावासी कूड़ा फेंके तो कहां फेंके। सड़क पर खाली जगहों में फेंकते हैं तो जानवर कूड़ा फैलाते हैं।
रैना श्रीवास्तव ने कहा कि मोहल्ले में जलभराव की समस्या कई सालों से है, लेकिन पालिका प्रशासन को इसकी परवाह नहीं है। आए दिन लोग संक्रामक बीमारियों की चपेट में आ जाते हैं।
सुशीला सैनी ने कहा कि मोहल्ले में गंदा पानी भरा रहने से दुर्गंध फैलती है। बारिश होते ही यहां सड़कों पर पानी भर जाता है जिससे आवागमन प्रभावित होता है। पालिका प्रशासन को जलनिकासी की व्यवस्था करनी चाहिए।
नगर पालिका अध्यक्ष सुखसागर मिश्र मधुर का कहना है कि बारिश शुरू होते ही शहर के अधिकांश मोहल्लों में सफाई कराई जा चुकी है। किसी भी वार्ड में गंदा पानी नहीं भरने दिया जाएगा। जल्द ही वार्ड की सफाई और जल निकासी कराई जाएगी।