सांडी। खेत से घर जा रहे ग्राम मानीमऊ निवासी तीन बच्चों को रास्ते में तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में बालिका की मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल भाई और चचेरी बहन को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
थाना क्षेत्र के ग्राम मानीमऊ निवासी सोनिका (14) पुत्री श्रीपाल, छोटे भाई वीरेंद्र (10) और चचेरी बहन मोहिनी (14) पुत्री देवी प्रसाद के साथ बुधवार दोपहर खेत से घर वापस जा रही थी। रास्ते में सठियामऊ मोड़ के पास सड़क पार करते वक्त उन्हें हरपालपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर आ गए। चालक फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे परिजन तीनों को सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सकों ने सोनिका को मृत घोषित कर दिया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने वीरेंद्र व मोहिनी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सोनिका की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। परिजनों ने बताया कि सोनिका कस्बे के ही एक स्कूल में कक्षा नौ की छात्रा था। वह तीन भाइयों में अकेली थी। सूचना मिलने के बाद सीएचसी पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।