हरदोई। उमस भरी गर्मी में आए दिन जिला अस्पताल की बिजली आपूर्ति ठप होने से मरीज और तीमारदार परेशान हैं। सोमवार को फीडर बदलने के कारण अस्पताल की बिजली दो घंटे तक बंद रही। इस दौरान गर्मी से बिलबिलाए मरीज और उनके तीमारदार हाथ से पंखे झलते नजर आए।
जिला अस्पताल में 24 घंटे विद्युत आपूर्ति के निर्देंश हैं।
इसके बावजूद अस्पताल में आए दिन बिजली संकट रहता है। अस्पताल में लगे जनरेटर शोपीस साबित हो रहे हैं। सोमवार दोपहर अस्पताल में अचानक बिजली गुल हो गई। उमस भरी गर्मी में मरीज व तीमारदार परेशान हो गए। वार्डों मेें तीमारदार मरीजों को पंखा करते रहे।
आखिरकार दो घंटे बाद आपूर्ति चालू हुई तो मरीजों और तीमारदारों ने राहत की सांस ली। सीएमएस डॉ. एके शाक्य ने बताया कि कुछ ही दिन पूर्व अस्पताल की बिजली शहर से जुड़ी थी। सोमवार को फिर मन्नापुरवा फीडर से लाइन जोड़ी गई। फीडर बदलने के कारण आपूर्ति बंद हो गई थी।