हरदोई। ओमिक्रॉन की दस्तक के बीच विदेश से 15 नवंबर के बाद वापस जनपद आए 22 लोगों में से दस के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है। शासन के जरिये लखनऊ हवाई अड्डे से उपलब्ध कराई गई विदेश से हरदोई आने वाले 22 लोगों की सूची में से दस के मोबाइल नंबर ही नहीं मिल रहे हैं। राहम की बात यह है कि इनमें से 12 लोगों की कोरोना की जांच कराई जा चुकी है और सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर की आशंका के बीच सतर्कता बरतने की कवायद शुरू हुई है। नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के मामले भारत में भी पाए जाने के बाद इससे लेकर प्रशासन ने भी गंभीर रुख अपना लिया है। पिछले कुछ दिनों में विदेश से आए 22 लोगों के बारे में जानकारी जुटाने के बाद इनमेें से 12 का पता कर लिया गया। लेकिन 10 लोगों का कोई पता ही नहीं चल पा रहा है। इनमें से कुछ मोबाइल नंबर गलत हैं और दूसरी जगह मिल रहे हैं। कुछ की सेवा बंद है। इन लोगों का सुराग नहीं मिल पा रहा है।
यह 22 लोग आए हैं वापस
अंसारी नावेद अहमद, मोहम्मद तुफैल, इमरान अली, नफीस अहमद, अभिषेक त्रिपाठी, राम प्रकाश, मोहम्मद हाफू, मोहम्मद इकबाल, रितेश कुमार, उस्मान, धोबी ईश्वरी खन्नामई, कुमार राजेश, मोहम्मद शमशाद, मोहम्मद जावेद, मोहम्मद जलालुद्दीन, मोहम्मद रऊफ, नफीस अहमद, शाहिद, मुसीम, खान साहबान अहमद, अंकित कुमार और अख्तर अली।
पांच दिन बाद दोबारा होगी जांच
स्वास्थ्य महकमे से जुड़े सूत्र बताते हैं कि विदेश से आए 12 लोगों की कोरोना जांच कराई जा चुकी है। इन सबकी रिपोर्ट निगेटिव है। शासन के निर्देशों के क्रम में पांच दिन बाद दोबारा इनकी जांच कराई जाएगी।
सहायक नोडल अधिकारी की सुनिए
कोरोना संबंधी मामलों के सहायक नोडल अधिकारी डॉ. पंकज मिश्रा ने बताया कि शासन से सूची मिली थी। इसमें दर्ज मोबाइल नंबर के आधार पर सभी से संपर्क का प्रयास किया गया। इनमें से 10 लोगों से संपर्क नहीं हो पाया है। मोबाइल नंबर या तो गलत हैं या फिर बंद हैं। ब्योरे में दर्ज पते के आधार पर जानकारी कराई जा रही है। पता चलते ही इनकी भी कोरोना जांच कराई जाएगी।