शहर के श्रीशचंद्र बारात घर में चल रहे सामुदायिक रसोई के निरीक्षण के दौरान निगरानी समिति सदस्यों ?
- फोटो : HARDOI
हरदोई। निगरानी समिति के सदस्य अपने क्षेत्र में घरों में क्वारंटीन लोगों पर कड़ी निगाह रखें। उनको कोई तकलीफ न होने दें। यदि कोई मुश्किल हो तो कंट्रोल रूम को खबर करें। सोमवार दोपहर श्रीशचंद्र बारात घर में सामुदायिक रसोई के निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी विशेष सचिव अमृत त्रिपाठी ने ये बात कही। उन्होंने सदस्यों को प्रभात फेरी निकालकर कोरोना के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।
नोडल अफसर ने वार्ड छह चंदीपुरवा, नौ सिविल लाइन पश्चिमी, 15 बोर्डिंग हाउस, 26 वैटगंज उत्तरी व तीन पेनीपुरवा के निगरानी समिति सदस्यों से उनके क्षेत्र का हाल जाना।
कहा कि वार्डों में प्रभात फेरी निकालकर लोगों को जागरूक करें कि वह सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर मास्क लगाएं। क्वारंटीन लोगों के घरों के बाहर आशा ने पोस्टर लगाए हैं कि नहीं, इसकी जानकारी वार्ड सदस्य रखें। जनता को भी इससे अवगत कराएं। उन्होंने रसोई में भोजन करने वालों से भी बात की। उस रजिस्टर को भी देखा, जिसमें रसोई आने वालों का ब्योरा दर्ज रहता है। चेयरमैन सुख सागर मिश्रा व ईओ सदर रविशंकर शुक्ला को सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ख्याल रखने के निर्देश दिए।
थर्मल स्क्रीनिंग मशीन को भी परखा
सामुदायिक रसोई आने वाले लोगों की पहले थर्मल स्क्रीनिंग की जाती है। नोडल अधिकारी ने पहले अपनी थर्मल स्क्रीनिंग कराई और उसके बाद एआर कोऑपरेटिव पीके शुक्ला की थर्मल स्क्रीनिंग कराई। मशीन के सही होने पर वह संतुष्ट नजर आए।