नगर पालिका हरदोई के सभागार में चल रही तैयारियां।
- फोटो : अमर उजाला
जिले के 13 निकायों में नई सरकार आज से राज संभालेगी। मंगलवार को निर्वाचित अध्यक्ष और सभासद शपथ लेेंगे।
हरदोई, संडीला, सांडी, बिलग्राम, मल्लावां, पिहानी और शाहाबाद नगर पालिका हैं। बेनीगंज, गोपामऊ, पाली, माधौगंज, कुरसठ और कछौना नगर पंचायत हैं। इन नगर निकायों में कुल 243 वार्ड हैं। सभी अध्यक्षों को शपथ दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने अधिकारी नामित कर दिए हैं। उधर दूसरी ओर सभी नगर निकायों के सभागारों के अलावा अध्यक्ष के कार्यालय के रंग रोगन का कार्य पूरा हो गया है। हरदोई नगर पालिका परिषद में सभागार के साथ ही नगर पालिकाध्यक्ष के कार्यालय को सजाने संवारने का कार्य सोमवार को तेजी से होता रहा।
हरदोई में नरेश, पिहानी में बब्बू होंगे मुख्य अतिथि
हरदोई नगर पालिका परिषद का शपथ ग्रहण समारोह शहीद उद्यान परिसर में दोपहर बाद 2 बजे से होगा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद नरेश अग्रवाल मुख्य अतिथि होंगे। ये जानकारी नगर पालिका के नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुख सागर मिश्र मधुर ने दी। उधर दूसरी ओर पिहानी में शपथ ग्रहण समारोह जूनियर हाईस्कूल पिहानी के परिसर में होगा। दोपहर एक बजे आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि शाहाबाद के पूर्व विधायक आसिफ खां बब्बू मौजूद रहेंगे। ये जानकारी नवनिर्वाचित अध्यक्ष हाजी मोहम्मद साजिद अंसारी के पुत्र जमाल साजिद चांद ने दी है।