हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के रेलवेगंज पुलिस चौकी के मंदिर को टूटता देख आसपास के लोगों ने आपत्ति उठाई। गुरुवार को एलआईयू इंस्पेक्टर ने मौके पर पहुंच कर जांच की। जांच में स्थिति साफ होने के बाद निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया।
रेलवेगंज पुलिस चौकी परिसर में बने मंदिर को टूटता देख तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। मंदिर तोड़े जाने की सूचना पर मौके पर पहुंचे सांसद प्रतिनिधि सुरजीत वर्मा ने चौकी प्रभारी से जानकारी ली। इस दौरान कुछ लोगों ने एसपी उमेश कुमार सिंह को भी सूचना दे दी। एसपी ने एलआईयू इंस्पेक्टर धर्मेंद्र सिंह चौहान को मौके पर भेजा।
चौकी इंचार्ज अवधेश कुमार ने बताया कि मंदिर की दीवारें क्षतिग्रस्त हो रही थीं ऐसे में मंदिर का जीर्णोद्धार का कार्य शुरू कराया गया। चौकी और मंदिर काफी नीचे हैं। इसके कारण बरसात होने पर नालियों का पानी मंदिर के अंदर भर जाता था। इसके चलते श्रद्धालुओं ने मंदिर का जीर्णोद्धार कराने की बात कही थी। बुधवार को पुजारी ने मंदिर में स्थापित मूर्तियों को अलग स्थान पर सुरक्षित रख दिया। जिसके बाद चलते मंदिर के जीर्णोद्धार का कार्य चालू कराया गया है।