हरदोई। मुस्लिमाें को किसी के बहकावे में आने की जरूरत नहीं है। हिंदुस्तान की तरक्की में ही मुस्लिमों की भी तरक्की है। राजनैतिक मकसद के लिए लोग मुस्लिमों को बहकाते और भड़काते हैं, लेकिन मुस्लिम समाज के लोगों को सावधान रहना चाहिए। कश्मीर के मसले पर बातचीत तभी की जाए जब पाकिस्तान की तरफ से की जाने वाली नापाक हरकतें बंद हो जाएं। उक्त विचार शिया धर्मगुरु मौलाना कल्बे जव्वाद ने पत्रकारों से वार्ता के दौरान व्यक्त किए। वह एक मजलिस को खिताब करने के लिए यहां आए थे।
धर्मशाला रोड स्थित मोहम्मद तालिब के आवास पर पत्रकारों से मौलाना कल्बे जव्वाद ने हर मसले पर खुलकर अपने विचार व्यक्त किए। उन्हाेंने दो टूक कहा कि भारत में रहने वाले मुस्लिमों को यहीं जीना है और यहीं मरना है। देश की तरक्की होगी तभी मुसलमानों की भी तरक्की होगी, इसलिए मुस्लिमों को किसी के बहकावे में नहीं आना चाहिए। कश्मीर मसले पर उन्होंने कहा कि वहां मासूमों को आगे कर दहशतगर्द अपने इरादों में सफल हो जाते हैं और हिंसा भड़का देते हैं। उन्होंने कहा कि सभी एक जैसे नहीं होते हैं, यह बात सरकार से लेकर आवाम तक को समझनी चाहिए। पाकिस्तान से बातचीत तभी की जाए जब वह हिंसा को बढ़ावा देना बंद कर दे।
योगी ईमानदार, रोक लेंगे भ्रष्टाचार
प्रदेश सरकार के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में उन्हाेंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भ्रष्टाचार पर रोक लगा लेंगे। बेइमानी करने का योगी का कोई मोटिव नजर नहीं आता। वह धार्मिक व्यक्ति हैं, ईमानदार हैं। कानून-व्यवस्था के मसले पर मौलाना कहा कि पिछली सरकार ने सूबे की व्यवस्था को तहस-नहस कर डाला। अब इसे सुधारने में समय लगेगा, लेकिन उम्मीद है कि योगी कानून व्यवस्था पर भी नियंत्रण पा लेंगे। योगी की कट्टरवादी छवि के सवाल के जवाब में मौलाना ने कहा कि पहले योगी भाजपा के नेता थे, लेकिन अब सूबे के मुख्यमंत्री हैं। जिम्मेदारी बढ़ने पर आदमी संजीदा हो जाता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बनने से पहले नरेंद्र मोदी भी कट्टरवादी छवि के थे लेकिन बाद में उनका नारा सबका साथ सबका विकास हो गया।
हर गेरुआ अंगौछा डालने वाला गोरक्षक नहीं
गोरक्षा के नाम पर हो रही हिंसा पर भी मौलाना ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि गेरुआ अंगौछा डालकर गोरक्षा की बात कहने वाले सभी लोग गोरक्षक नहीं हैं। उन्होंने कहा कि गेरुआ अंगौछा डालकर विपक्षी भी माहौल खराब करने की कोशिश कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि गोरक्षा से ज्यादा गोसेवा की जरूरत है।
अयोध्या प्रकरण पर मानेंगे सुप्रीम कोर्ट का फैसला
अयोध्या प्रकरण पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने स्पष्ट कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्णय को माना जाएगा। मामला बातचीत से हल हो जाए तो ज्यादा बेहतर रहेगा।
वक्फ संपत्ति मामले की हो सीबीआई जांच
वक्फ संपत्तियों को लेकर किए गए सवाल के जवाब में मौलाना कल्बे जव्वाद ने कहा कि इस मामले में सीबीआई जांच होनी चाहिए। दोनाें वक्फ बोर्डों (शिया और सुन्नी) के रिकॉर्ड में हेराफेरी कर संपत्तियां कब्जा कर ली गईं। उन्होंने कहा कि ईमानदारी से जांच हुई तो आजम खां को जेल जाना पड़ेगा। उन्होंने आजम खां को झूठा बताते हुए आरोप लगाया कि लगभग एक लाख करोड़ कीमत की वक्फ संपत्तियां अलग-अलग तरह से आजम और उनके करीबियों ने हड़प लीं। उन्होंने कहा कि वह सीबीआई जांच की मांग मुख्यमंत्री से कर चुके हैं, लेकिन फिलहाल तो कुछ नहीं हुआ। कानून बनाकर वक्फ की संपत्तियों को कब्जा मुक्त करने की बात भी उन्होंने कही।