- खंती मे पड़ी बोलेरो के अंदर पड़ा मिला था शव
- लेन देन के विवाद में गोली मारकर हत्या करने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी हरपालपुर/बिलग्राम। अरवल थाने में तैनात होमगार्ड के बेटे का बोलेरो में संदिग्ध हालात में शव मिलने के मामले में दो लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी बिलग्राम कोतवाली में दर्ज की गई है। लेनदेन के विवाद में हत्या किए जाने का आरोप साथ गए दोस्तों पर है। उधर दूसरी ओर परिजनों ने मंगलवार को पोस्टमार्टम फिर से कराने की जिद पकड़ ली। इस पर शव फिर से पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के गिलौली निवासी सोनू (20) पढ़ाई करने के साथ ही बोलेरो चलाता था। उनके पिता अनिल कुमार अरवल थाने में होमगार्ड हैं। सोनू की बोलेरो रविवार रात बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र में दुर्गागंज के पास सड़क किनारे खंती में मिली थी। सोनू मृत अवस्था में बोलेरो में पड़ा था, जबकि उसका दोस्त शिवम भी वहीं था। सोनू की पीठ पर छेद था। ऐसा लग रहा था कि जैसे उसके गोली मारी गई है। अनिल ने आरोप लगाया था कि ईसेपुर निवासी रोहित बोलरो बुक कराकर बांगरमऊ जाने को निकला था। साथ में बारामऊ निवासी उर्वेश और शिवम भी थे। पुलिस से की शिकायत में सोनू के भाई मोनू उर्फ अमित कुमार ने बताया है कि उर्वेश और रोहित से सोनू की मित्रता थी। सोनू से उर्वेश का रुपयों का लेनदेन भी था। दावा है कि सोनू के साथ गांव निवासी आलोक और शीतल भी गए थे। इन दोनों को उर्वेश ने तमंचा दिखाकर लमकन पुल के पास बोलेरो से उतार दिया था। आरोप लगाया है कि रोहित और उर्वेश ने लेनदेन के विवाद में गोली मारकर सोनू की हत्या की है। कोतवाल विजय कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों से पूछताछ भी की जा रही है। उधर दूसरी ओर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर असहमति दिखाते हुए परिजनों ने दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की। घटना का पता चलने पर सवायजपुर विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू मृतक के परिजनों से मिलने मंगलवार को उनके आवास पर गए। यहां परिजनों ने विधायक से भी दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की। विधायक के हस्तक्षेप के बाद शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इनसेट
किडनी और पित्ताशय फटना बताई गई थी मौत की वजह
सोनू के शव का पोस्टमार्टम सोमवार को कराया गया था। वीडियोग्राफी के बीच दो चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया था। परिजन गोली मारकर हत्या किए जाने का आरोप लगा रहे थे। यही वजह थी कि पोस्टमार्टम कराने से पहले शव का एक्सरे कराया गया। एक्सरे में गोली आर पार होने या अंदर फंसे होने की बात सामने नहीं आई। रिपोर्ट में बाएं किडनी और पित्ताशय फट जाने से मौत हो जाने की बात लिखी गई थी। परिजन इससे संतुष्ट नहीं थे। इसलिए दोबारा पोस्टमार्टम की मांग पर अड़ गए।