शाहाबाद। कोतवाली क्षेत्र के गिलजई गांव में रविवार को आग की चपेट में आई महिला की मौत हो गई और उसे बचाने में ससुर झुलस गया। परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसा रसोई घर में रखा सिलेंडर लीकेज होने से हुआ। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
मोहल्ला गिलजई निवासी सुमित की शादी दो साल पहले शाहजहांपुर के थाना संघौली के बचुइया गांव की अर्चना (22) से हुई थी। उनके चार माह की एक पुत्री है। वह दिल्ली में एक फैक्ट्री में नौकरी करता है। अर्चना ससुराल में ससुर कामता (52) व सास के साथ रह रही थी।
रविवार सुबह आठ बजे सास ने उससे चाय बनाने को कहा। गैस चूल्हे पर चाय का पानी रखने के बाद माचिस की तीली जलाते ही वह आग की लपटों से घिर गई। चीख पुकार सुनकर बहू को बचाने पहुंचा कामता भी झुलस गया।
पड़ोसियों ने किसी तरह दोनों को आग की चपेट से बचाया। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से दोनों को जिला अस्पताल लाया गया। जहां पर अर्चना की हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
मृतका के पिता जेंटर दिल्ली में सुमित के साथ रहकर एक फैक्ट्री में नौकरी करते हैं। उनको सूचना दे दी गई थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। कोतवाल राजेश सिंह ने बताया कि इस संबंध में उन्हें कोई तहरीर नहीं मिली है।