वैदिक विद्या मंदिर बूथ पर वोटर कार्ड बनवाते लोग
- फोटो : अमर उजाला
हरदोई। निवार्चन आयोग के निर्देश पर शनिवार और रविवार को जिले भर के बूथों पर आयोजित मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत दस हजार नए मतदाता बने हैं। उधर, जिला निर्वाचन अधिकारी ने कई बूथों पर जाकर वहां पुनरीक्षण कार्यक्रम का जायजा लिया।
जिले भर के 3005 बूथों पर शनिवार की तरह ही रविवार को भी बूथ दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें बीएलओ, पदाभिहित अधिकारियों ने छूटे हुये मतदाताओं के फार्म छह भरवाए व ऐसे मतदाता जिनका नाम मतदाता सूची में दो जगह दर्ज है, उनका नाम एक स्थान से काटने के लिये फार्म 7 भरवाया।
जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक वार्ष्णेय ने बीएलओ से कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी महिला और 18 से 19 आयु वर्ग का व्यक्ति छूटना नहीं चाहिए। सभी का फार्म 6 भरवाकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराया जाए।
फार्म 7 भरकर जिनका नाम काटा जाये उसकी सूचना संबंधित को अनिवार्य रूप से भेजी जाए। सहायक निर्वाचन अधिकारी श्याम लाल ने बताया कि दो दिन में करीब 10 हजार फार्म छह भरक जमा होने की सूचना मिली है। आठ व नौ अक्तूबर को आयोजित हुए शिविर में 18 हजार आवेदन आए थे।