हरदोई। सांसद नरेश अग्रवाल के चबूतरे में शनिवार की रात तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली जा भिड़े। इससे वहां पर रखे जनरेटर और वाटर कूलर क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं, बेंच पर बैठे लोगों ने कूदकर जान बचाई। लोगों ने ट्रैक्टर चालक और उसके सहयोगी को पीटकर पुलिस को सौंप दिया। उधर, जेसीबी मशीन बुलाकर ट्रैक्टर व ट्राली का हटवा कर पुलिस कोतवाली ले गई।
राज्यसभा सांसद नरेश अग्रवाल के वैटगंज स्थित आवास के चबूतरे पर शनिवार को उनके आवास में काम करने वाले अरविंद शुक्ला, सरवन और संजय बैठे थे। सांसद आवास से कुछ पहले मोड़ पर भी कुछ लोग खड़े थे। लगभग 11 बजे बड़े चौराहे की ओर से एक ट्रैक्टर ट्राली तेज रफ्तार में आती दिखी। मोड़ पर ड्राइवर ने संतुलन खो दिया और ट्रैक्टर ट्राली चबूतरे में जा भिड़ी। आवास के बाहर रखा जनरेटर वाटर कूलर क्षतिग्रस्त हो गए। वहां पर बैठे तीनों लोगों ने इधर उधर कूद कर जान बचाई। इसमें उनको हल्की चोट आई है।
आसपास के लोगों ने ट्रैक्टर चालक और उसके एक साथी को पीटकर पुलिस को सौंप दिया। सूचना मिलते ही कोतवाल सुजीत दुबे भी मौके पर पहुंच गए। लोगाें ने ट्रैक्टर चालक और सहयोगी को पुलिस के हवाले कर दिया। जिसके बाद जेसीबी बुलाकर ट्रैक्टर और ट्राली को हटवाया गया। कोतवाल ने बताया कि ट्रैक्टर चालक और उसके साथी को तहरीर न मिलने की वजह से छोड़ दिया गया।