हरपालपुर। कोतवाली क्षेत्र के बरंडारी श्रीमऊ मार्ग पर सोमवार देर रात बहादुरनगर के पास ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक ममेरी बहन की गोदभराई में शामिल होकर वापस घर जा रहा था। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर मौके पर छोड़कर भाग निकला। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था।
दस्योली निवासी पिंटू (32) खेती करते थे। उनका ननिहाल सांडी में है। पिंटू के मामा मंशाराम की बेटी की गोद भराई का कार्यक्रम सोमवार शाम था। इसमें शामिल होने के लिए पिंटू बाइक से गए थे। देर रात वह वापस घर जा रहे थे। बहादुरनगर के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। मौके पर ही पिंटू की मौत हो गई। बाइक के नंबर के आधार पर परिजन को सूचना दी गई। मृतक के परिवार में पत्नी रानी और तीन पुत्र हैं। पति की मौत की खबर सुनकर रानी बदहवास हो गईं। कोतवाल संदीप शुक्ला ने बताया कि ट्रैक्टर पुलिस के कब्जे में है। परिजन से शिकायत लेकर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।