हरदोई। शाहजहांपुर के कुर्रिया कला में लगा मेला देखने जा रहे बाइक सवार को मंगलवार शाम कार ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान बुधवार सुबह बरेली के एक अस्पताल में मौत हो गई। शव लेकर घर आए परिजन ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
उधरनपुर निवासी जदुराम (20) मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे बाइक से कुर्रिया कला मेला देखने जा रहे थे। पिता सर्वेश ने बताया कि वासितनगर मार्ग पर भदासी पेट्रोल पंप के पास पीछे से आई कार ने जदुराम की बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से जदुराम सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने यूपी-112 पर सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से जदुराम को सीएचसी शाहाबाद पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें शाहजहांपुर मेडिकल कॉलेज और फिर बरेली ले गए। बरेली में उपचार के दौरान बुधवार सुबह जदुराम की मौत हो गई। परिजन शव लेकर घर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। कोतवाल अरविंद राय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजन से शिकायत लेकर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।