बिलग्राम में जनसभा को संबोधित करते बसपा महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी।
- फोटो : amarujala
बिलग्राम। बहुजन समाज पार्टी के महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने शुक्रवार को बिलग्राम के बीजीआर कॉलेज ग्राउंड पर जनसभा को संबोधित की। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि झूूठे वादे कर सरकार बनाने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अच्छे दिन नहीं ला पाए और अखिलेश यादव का विकास ढकोसला है। केवल मायावती ही सर्वसमाज की बात करती हैं।
नसीमुद्दीन बिलग्राम-मल्लावां सीट से बसपा प्रत्याशी अनुराग मिश्रा के समर्थन में रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रदेश की समाजवादी पार्टी की सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था नाम की चीज नहीं है। कहा कि इस सरकार में जियाउल हक, तनवीर जैसे मुस्लिम पुलिस अधिकारियों की हत्याएं हुई। दंगों में मुसलमान बेघर हुआ। गुंडागर्दी अवैध कब्जेदारी चरम पर है।
दादरी की घटना को शर्मनाक बताते हुए बसपा नेता ने आरोप लगाया कि अखिलेश सरकार मुस्लिम समाज को सुरक्षा देने में नाकाम साबित हुई है। फिर भी अखिलेश कहते हैं हमारा काम बोलता है। प्रधानमंत्री और भाजपा पर कहा कि अच्छे दिन आने वाले हैं का नारा देने वालों ने जनता को पाई-पाई का मोहताज कर दिया। कहीं धर्म के नाम से तो कहीं जाति के नाम पर भाजपा ने दंगे कराए। सपा और भाजपा के झांसे में न आने की अपील करते हुए दलित, मुस्लिम व सर्व समाज से सूबे में बसपा सरकार बनाने की अपील की।