पिहानी (हरदोई)। इलाके के कुइयां गांव में मुख्य मार्ग पर स्थित मोबाइल शाप का शटर तोड़ कर चोरों ने हजारों का माल पार कर दिया। पीड़ित की सूचना पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कुइयां गांव स्थित तेल डिपो के पास नेदुरा निवासी दीन मोहम्मद की मोबाइल है। उन्होंने बताया कि सुबह जब वह दुकान खोलने आए तो शटर टूटा था और अंदर रखा सामान गायब था। उसके अनुसार मंगलवार की रात में चोर उसकी दुकान का शटर तोड़कर अंदर रखे तकरीबन 70 हजार रुपये कीमत के मोबाइल हैंडसेट, डिश टीवी व मोबाइल के हजारों रुपये कीमत के रिचार्ज, मेमोरी कार्ड व सोलर लैंप चोरी कर ले गए।
दीन मोहम्मद के अनुसार कोतवाली पहुंच कर उसने घटना की सूचना दे दी है। प्रभारी निरीक्षक श्याम बहादुर सिंह के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। उधर, कस्बे के पियाबाग मोहल्ले के अजादार हुसैन उर्फ इन्ने मियां ने बताया कि उनकी जेब से जेबकतरों ने बीस हजार रुपये निकाल लिए हैं। बड़ी बाजार में वह सौदा लेने गए थे तभी उनके साथ यह घटना घटित हुई। मामले से पुलिस को भी अवगत करा दिया गया है।