विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू
- फोटो : अमर उजाला
सीएम साहब, हरदोई जिले को रोज दो से चार मीट्रिक टन ऑक्सीजन उपलब्ध कराइये...। सवायजपुर विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर जिले में आक्सीजन की सप्लाई कराने की मांग की है। विधायक को भरोसा है कि उनकी मांग पर जल्द ही मुख्यमंत्री हरदोई को पर्याप्त ऑक्सीजन उपलब्ध करवा देंगे।
सवायजपुर से भाजपा विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू ने बुधवार को लखनऊ में शासन में तैनात विभिन्न अधिकारियों से मुलाकात कर हरदोई को राहत दिलाने की कोशिश की। लखनऊ में ही मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में विधायक ने लिखा है कि ऑक्सीजन के अभाव में जिला प्रशासन एल-2 अस्पताल का संचालन शुरू नहीं करा पा रहा है।
ऑक्सीजन के अभाव में बहुत सारे लोग काल के गाल में समा रहे हैं और हम सब असमर्थ और असहाय साबित हो रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि संडीला औद्योगिक क्षेत्र में स्थित प्राइवेट कंपनी के ऑक्सीजन रिफलिंग प्लांट को प्रतिदिन चार मीट्रिक टन लिक्विड ऑक्सीजन उपलब्ध करा दी जाए, तो जनपद में सौ- सौ बेड के दो एल-2 अस्पताल संचालित किए जा सकते हैं। साथ ही होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों को भी ऑक्सीजन उपलब्ध कराई जा सकती है। विधायक ने कहा है कि चार मीट्रिक टन ऑक्सीजन न मिल पाए तो कम से कम दो मीट्रिक टन ऑक्सीजन प्रतिदिन दिलवा दी जाए।
हमीरपुर से आती ऑक्सीजन, लगती है देर
मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू ने कहा है कि जनपद हरदोई को ऑक्सीजन हमीरपुर के ऑक्सीजन प्लांट से मिल रही है। यहां से रिफलिंग कराने के लिए हमीरपुर तक ट्रक के आने जाने में लगभग 36 से 40 घंटे का समय लग रहा है। इसके कारण जनपद के एल-2 अस्पताल में भी ऑक्सीजन समय से नहीं पहुंच पा रही है।