हरदोई। नवविवाहिता की चौथी लेकर आ रही रिश्तेदारों से भरी बस बुधवार सुबह उन्नाव जनपद के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में ट्रक की टक्कर लगने से खाई में जा गिरी। घटना में बस में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन इन्हें लेकर लखनऊ ट्रामा सेंटर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही दो की मौत हो गई। एक को गंभीर हालत में उपचार के लिए लखनऊ के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
संडीला कस्बे के मोहल्ला मुल्लनटोला निवासी जीतू की बहन रीना की शादी बीती 26 अप्रैल को हुई थी। रीना की ससुराल मैनपुरी के कस्बा करहल के मोहल्ला बादवृंदावन में है। मंगलवार को जीतू अन्य करीबी रिश्तेदारों के साथ बस से रीना की चौथी लेने के लिए करहल गया था। वहां से वापस आते समय बुधवार तड़के उन्नाव के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नौबतगंज के पास एक ट्रक ने बस में टक्कर मार दी। इसके कारण बस खाई में पलट गई। बस में सवार 28 लोग चुटहिल हो गए। इनमें नवविवाहिता के मामा नेकराम (45) निवासी ग्राम मीतो, जीजा कमलेश (48) निवासी ग्राम अन्नीखेड़ा रहीमाबाद लखनऊ और चचेरी बहन पूजा (27) निवासी ग्राम मुसैला कोतवाली संडीला गंभीर रूप से घायल हो गए। इन तीनों को लेकर परिजन उपचार के लिए लखनऊ ट्रामा सेंटर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही नेकराम और पूजा की मौत हो गई। कमलेश को गंभीर हालत में लखनऊ के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है और वहां वह वेंटिलेटर पर हैं। पूजा और नेकराम के शवों का पोस्टमार्टम संडीला में कराया गया।
खुशियों वाले घर में मचा कोहराम
रीना की शादी को लेकर पूरे परिवार के लेाग उत्साह और खुशी में थे। शादी सकुशल संपन्न हो जाने से परिजन सुकून महसूस कर रहे थे। अधिकांश लोग चौथी की रस्म पूरी कराने के लिए भी बस से चले गए। बड़े बुुजुर्ग और महिलाएं घर पर है आराम कर रही थीं। बुधवार तड़के मोबाइल से परिजनों को घटना की सूचना दी गई, लेकिन तब तक किसी की भी मौत की सूचना नहीं थी। बाद में दो लोगों की मौत हो जाने का पता चलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना में मृत पूजा का विवाह छह वर्ष पहले हुआ था। उसके दो पुत्र हैं। पूजा का पति अरविंद घटना के बाद से बदहवास सा हो गया। उधर दूसरी ओर इसी घटना में जान गंवाने वाले नेकराम मजदूरी करते थे। उनके परिवार में पत्नी विमला के अलावा छह बच्चे भी हैं।