हरपालपुर। बाढ़ग्रस्त इलाके का जायजा लेने के लिए उधार के स्टीमर से प्रशासनिक अफसरों के साथ गए क्षेत्रीय विधायक और सांसद के स्टीमर के इंजन में कचरा फंस गया।
बीच भंवर में स्टीमर बंद हो जाने से इसमें सवार लोगों की हवाइयां उड़ गईं। इस सबके बीच किसी तरह स्टीमर का मोटर स्टार्ट हो गया और फिर सभी लोगों ने किनारे पर उतरने के बाद राहत की सांस ली।
कटरी इलाके में इन दिनों बाढ़ आई है। गंगा, रामगंगा नदियों का जलस्तर बढ़ने के कारण बड़ी संख्या में गांवों में पानी भर गया है। शुक्रवार को हरदाेई के सांसद जय प्रकाश और सवायजपुर विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू स्टीमर से बाढ़ग्रस्त गांवों का दौरा करने निकले थे। दोनों जनप्रतिनिधियों के साथ सवायजपुर तहसील के प्रशासनिक अधिकारी और कुछ समर्थक भी थे।
अरवल से सुदनीपुर जाते समय अचानक स्टीमर का इंजन बंद हो गया। चारों तरफ से पानी से घिरे इलाके में बीच भंवर में स्टीमर का मोटर बंद होने से इसमें सवार लोग सकते में आ गए। लगभग पांच मिनट बाद स्टीमर का मोटर स्टार्ट हो पाया। सूत्रों के मुताबिक इंजन में कचरा फंस गया था और इस कारण मोटर बंद हो गई थी। वापस किनारे पर आने के बाद विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू ने बताया कि कुछ देर के लिए मोटर बंद हुई थी। फौरी तौर पर भय लगा, लेकिन प्रशासनिक अफसर ज्यादा परेशान हो गए। उन्होंने कहा कि इसी इलाके में पैदा हुए और कई बार बाढ़ में आ चुके हैं, इसलिए परिस्थितियों से वाकिफ थे। अफसरों को ज्यादा परेशानी हुई।