हरदोई। जनपद का प्रभारी मंत्री बनने के बाद पहली बार हरदोई आए प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने पूर्व घोषित और औपचारिक कार्यक्रमों के बीच अचानक मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पीडियाट्रिक वार्ड में भर्ती 12 बच्चों में से 11 बच्चों को बाहर की दवा लिखे जाने और प्राइवेट अल्ट्रासाउंड व पैथाेलॉजी से जांच कराए जाने का मामला पकड़ लिया। मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में जमीन पर लेटे मरीज को देखकर समाज कल्याण मंत्री सन्न रह गए। प्राइवेट जांच और दवा लिखे जाने के मामले में डीएम से तीन घंटे के अंदर रिपोर्ट तलब की।
प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण मंगलवार को हरदोई पहुंचे। यहां उन्होंने आर आर इंटर कॉलेज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवनचरित पर लगी प्रदर्शनी का उद्घाटन और अवलोकन किया। भाजयुमो की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर का शुभारंभ कर खुद भी रक्तदान किया। इसके बाद रसखान प्रेक्षागृह में विश्वकर्मा जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अचानक मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। यहां इमरजेंसी वार्ड में घुसते ही एक मरीज जमीन पर लेटा मिला। प्रभारी मंत्री ने इस पर नाराजगी जताई और फिर पीडियाट्रिक वार्ड पहुंचे। यहां भर्ती 12 बच्चों में से 11 बच्चों को बाहर की दवाएं लिखकर मंगवाई गई थीं।
खास बात यह थी कि सभी दवाएं एक जैसी और एक ही कंपनी की विटामिन व कैल्शियम की थीं। मौके पर जब उन्होंने दवाइयों की उपलब्धता के बारे में पूछा तो पता चला कि विटामिन और कैल्शियम की दवाएं मेडिकल कॉलेज में हैं, लेकिन मरीजों को बाहर की दवा ही लिखी जा रही है।
प्रभारी मंत्री ने डीएम मंगला प्रसाद सिंह को निर्देश दिए कि एडीएम और एसडीएम से पूरी जांच कराएं और तीन घंटे में रिपोर्ट दें। प्रभारी मंत्री ने कहा कि बाहर से दवा और जांचें लिखने वाले पर कार्रवाई होगी और इस मामले पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक से बात की जाएगी। किसी भी हाल में दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत में प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने कहा कि भ्रष्टाचार का स्थायी इलाज किया जाएगा। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की मंशा के अनुसार योजनाओं का क्रियान्वयन होगा। सिस्टम में सुधार की हर संभव कोशिश होगी ताकि व्यवस्था की खामी किसी को भी दर्द न दे पाए। प्रभारी मंत्री ने निरीक्षण के बाद भाजपा के जिला कार्यालय में पूर्व जिलाध्यक्षों और मौजूदा पदाधिकारियों से मुलाकात कर परिचय प्राप्त किया।