हरदोई। बीते बुधवार को सड़क हादसे में घायल अधेड़ की इलाज के दौरान लखनऊ के प्राइवेट अस्पताल में मौत हो गई। बृहस्पतिवार रात परिजन शव लेकर गांव पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
देहात कोतवाली क्षेत्र के आशा के मजरा धरमूपुर निवासी मान सिंह (50) खेती करते थे। गांव के पास ही मान सिंह का खेत है। बीते बुधवार की दोपहर वह साइकिल से खेत की ओर गए थे। शाम को वह खेत से घर जा रहे थे। इस दौरान हरदोई-सीतापुर मार्ग पर आशा मोड़ के पास उन्हें कार ने टक्कर मार दी।
एंबुलेंस से उन्हें मेडिकल कॉलेज फिर लखनऊ ले जाया गया। परिजन उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर से निजी अस्पताल ले गए। यहां बृहस्पतिवार की देर शाम इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक के छोटे भाई पप्पू ने बताया कि मौके से कार समेत चालक भाग गया था। देहात कोतवाल अशोक सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।