सवायजपुर। उप्र लेखपाल संघ की शाखा सवायजपुर के अध्यक्ष श्रीकांत मिश्रा की अगुवाई में सोमवार को पदाधिकारियों ने कस्बा स्थित पीडब्लूडी गेस्ट हाउस में एसडीएम कपिल देव यादव से मुलाकात की। पदाधिकारियों ने उन्हें ज्ञापन सौंपकर आंदोलन के दौरान लेखपालों पर की गई कार्रवाई वापस लिए जाने की मांग की।
अध्यक्ष श्रीकांत मिश्रा ने कहा कि वह लोग शासन की मंशा के अनुरूप 24 घंटे सरकारी कार्य करते हैं, आगे भी शासन के निर्देश पर कार्य करते रहेंगे। अध्यक्ष ने मंगलवार से लेखपालों द्वारा विधिवत काम शुरू किए जाने की बात कही। कहा कि प्रदेश नेतृत्व व शासन के बीच मांगों पर सहमति बन गई है। आश्वासन मिलने के बाद हड़ताल खत्म कर दी गई है। तहसील के लेखपाल भी हड़ताल से वापस आ गए हैं। मंत्री रामनाथ ने कहा कि जिन लेखपालों के खिलाफ आंदोलन के दौरान निलंबन, बर्खास्तगी व अन्य किसी प्रकार की कार्रवाई की गई है, उसे वापस लिया जाए। एसडीएम ने मां पत्र पर प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस मौके पर रामविलास आजाद, हरिशंकर आदि मौजूद रहे।