हरदोई। हरदोई-पिहानी मार्ग पर बिलहरी के पास बाइक सवार मामा-भांजे की टक्कर दूसरी बाइक सवार भाइयों से हो गई। घटना में मामा की मौत हो गई जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। एक की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर किया गया है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के मिरगांवा निवासी सोनू (20) खेती करता था। पिता राजाराम ने बताया कि उनके नाती छोल्हा निवासी पवन (23) की ससुराल सीतापुर के महोली थाना क्षेत्र के कचुरा गांव में है। पवन के चचेरे ससुर सूबेदार की बुधवार को मौत हो गई थी। पवन बुधवार शाम मिरगांवा आया था और रातभर रुकने के बाद बृहस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे सोनू के साथ अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए बाइक से निकला था। बिलहरी के पास दूसरी बाइक से आ रहे उमरसेड़ा निवासी अर्जुन (24) और प्रिंस (19) से पवन की बाइक टकरा गई। प्रिंस और अर्जुन सगे भाई हैं। हादसे में सोनू की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पवन घायल हो गए।
दूसरी बाइक पर सवार प्रिंस भी गंभीर रूप से घायल हो गया। अर्जुन को मामूली चोट आई। पवन की सूचना पर पहुंचे परिजन ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया। प्रिंस की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। सोनू के बड़े भाई पुनीत ने बताया कि सोनू अविवाहित था और छह भाई-बहनों में तीसरे नंबर का था। थानाध्यक्ष रीतेश चौहान ने बताया कि दोनों बाइकों पर चार लोग सवार थे। एक की मौत हुई है जबकि तीन घायल हैं। पोस्टमार्टम शहर कोतवाली पुलिस ने कराया है।
फोटो- 18- सोनू। फाइल फोटो
फोटो- 18- सोनू। फाइल फोटो